Raipur City News : सटोरिए बाबू खेमानी के घर छापेमारी, 5 लग्जरी कारें और करोड़ों की संपत्ति का हुआ उजागर

इस कार्रवाई में करोड़ों की संपत्ति और कई लग्जरी गाड़ियों का खुलासा हुआ है।

Update: 2026-04-25 08:26 GMT

Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में करोड़ों की संपत्ति और कई लग्जरी गाड़ियों का खुलासा हुआ है।

गंज थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में दबिश दी, जहां से पुलिस को बीएमडब्ल्यू, क्रेटा समेत 5 महंगी कारें मिलीं। इसके अलावा शहर और आसपास के इलाकों में फैली कई संपत्तियों का भी पता चला है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके परिवार के नाम पर रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर जमीन मौजूद है।

पुलिस अब इन सभी संपत्तियों और बैंक खातों के लेन-देन की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, बाबू खेमानी और उसके भाई करण ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने के लिए 50 से ज्यादा फर्जी आईडी बनाई थीं और म्यूल खातों के जरिए पैसों का लेन-देन किया जाता था। बताया जा रहा है कि बाबू पहले सट्टेबाजी के चर्चित नेटवर्क ‘महादेव बुक’ से जुड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने खुद का सिंडिकेट खड़ा कर लिया।

सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू आपत्तिजनक वीडियो और रील्स के जरिए भी सुर्खियों में रहा है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News