Raipur City News : देशभर में करोड़ों की चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार

आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी 79,500 रुपये और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

Update: 2026-02-06 15:46 GMT

Raipur City News : रायपुर। रायपुर पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास (35) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आंध्रप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में करोड़ों रुपये की चोरी के मामले दर्ज हैं। खास बात यह है कि बिलासपुर जेल से रिहा होने के अगले ही दिन उसने रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा थाना क्षेत्र में चार दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये की चोरी की थी।

प्रार्थी शिव कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी कपड़ों की दुकान ‘लब-डब’ सहित तीन अन्य दुकानों से 7 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। इसके अलावा मौदहापारा के जया ऑटोमोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की पहचान की और मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी 79,500 रुपये और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

देशभर में दर्ज है चोरी का लंबा रिकॉर्ड-

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लोकेश श्रीवास के खिलाफ आंध्रप्रदेश के विजयनगर में 6 किलो सोना, ओडिशा में 500 ग्राम सोने के जेवर, दिल्ली में 18.5 किलो सोने के आभूषण सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में करोड़ों रुपये की चोरी के मामले दर्ज हैं। दुर्ग के पारख ज्वेलर्स से 4 करोड़ रुपये के हीरे, सोना और चांदी के जेवर तथा बजाज शोरूम से 9 लाख रुपये की चोरी भी इसके खाते में शामिल है।

रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Tags:    

Similar News