Raipur City News : नया रायपुर के मिनी मार्केट में लगी भीषण आग, किराना-कपड़ों समेत कई दुकानें जलकर राख
| प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और हालात पर नजर बनाए हुए है।
By : Rohit Banchhor
Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे नया रायपुर में एक बड़ा हादसा सामने आया। सेक्टर-28 स्थित मिनी मार्केट में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किराना स्टोर, कपड़ों की दुकान समेत अन्य व्यवसाय पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार जान बचाने और सामान निकालने की कोशिश करते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और हालात पर नजर बनाए हुए है।