Police Suspend : गरियाबंद। जिले में पुलिस विभाग एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सिटी कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह पर केस दबाने के नाम पर 10 हजार रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। जैसे ही इस मामले से जुड़े दो ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए एसपी नीरज चंद्राकर ने आरोपी अधिकारी को निलंबित कर दिया।

वायरल ऑडियो में प्रार्थी स्पष्ट तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसने 10 हजार की रकम दी थी, लेकिन उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई और उसे जेल जाना पड़ा। इस पर उप निरीक्षक कथित तौर पर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहते हैं कि पैसा उन्होंने नहीं बल्कि डीएसपी ने लिया है और पूरा मामला उन्हीं के पास है। वहीं दूसरे ऑडियो में प्रार्थी की पत्नी से बातचीत सामने आई है, जिसमें आरोपी अधिकारी उसे डीएसपी से मिलवाने और पैसे वापस दिलाने की बात करता नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला एक महिला पर हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें आरोपियों की जगह पीड़ित परिवार पर ही केस दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि केस दर्ज न करने के एवज में पहले ही रिश्वत ले ली गई थी। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है और 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की बारीकी से जांच जारी है, जबकि यह घटना एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही है।

Tags: