PM Modi Norway Visit: नॉर्वे पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, व्यापार और हरित तकनीक पर अहम चर्चा

By :  Vpb
Update: 2026-05-18 11:50 GMT

PM Modi Norway Visit: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (pm Narendra Modi) ने सोमवार को नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे (Jonas Gahr Støre) के साथ ओस्लो में महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान व्यापार, निवेश, हरित तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और नीली अर्थव्यवस्था जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। स्वीडन की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद पीएम मोदी नॉर्वे पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 43 वर्षों बाद नॉर्वे की पहली यात्रा है।

नॉर्डिक-भारत शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री 19 मई को आयोजित तीसरे नॉर्डिक-भारत शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन में भारत के साथ डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड, स्वीडन और नॉर्वे के नेता शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य भारत और नॉर्डिक देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देना है। इससे पहले ऐसे सम्मेलन 2018 में स्टॉकहोम और 2022 में कोपेनहेगन में आयोजित किए गए थे।

राजा-रानी से भी करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोन्जा से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे भारत-नॉर्वे व्यापार और शोध शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा व्यापार, निवेश और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Tags:    

Similar News