PM Modi - Netanyahu - Congress: नेतन्याहू के भारत वाले बयान से सियासत गरम, कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा, कहा- 'विश्वगुरु'....

By :  Vpb
Update: 2026-07-06 09:33 GMT

PM Modi - Netanyahu - Congress: नई दिल्ली: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के भारत को लेकर दिए गए बयान के बाद देश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नेतन्याहू का यह दावा सही नहीं है कि भारत इजरायल के साथ खड़ा है।

कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कहा, "नेतन्याहू का यह कहना गलत है कि भारत इस्राइल के साथ खड़ा है।" उन्होंने कहा कि भले ही प्रधानमंत्री मोदी का झुकाव इजरायल की ओर हो, लेकिन करोड़ों भारतीय गाजा में हो रही हिंसा, फलस्तीनियों के विस्थापन, ईरान पर हमलों और दक्षिणी लेबनान में सैन्य कार्रवाई का समर्थन नहीं करते। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं मानवता के खिलाफ हैं।

नेतन्याहू ने क्या कहा था?

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा, "हमारे कुछ अन्य मित्र भी हैं, जैसे भारत नाम का एक छोटा सा देश। इसकी आबादी 140 करोड़ है और वहां हमें जबरदस्त समर्थन प्राप्त है।" उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पर, उन्हें भारत से बड़ी संख्या में समर्थन संदेश मिलते हैं।

जेडी वेंस की टिप्पणी के बाद आया जवाब

नेतन्याहू का यह बयान अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की टिप्पणी के बाद आया। वेंस ने कहा था, "अगर मैं इजरायली सरकार की कैबिनेट में होता तो शायद मैं दुनिया में बचे अपने एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी पर हमला नहीं कर रहा होता।" इसके जवाब में नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल के अमेरिका के अलावा भारत जैसे कई अन्य मित्र भी हैं। फिलहाल कांग्रेस के आरोपों पर केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Tags: