Noida Protest: आज भी सड़कों पर उतरे लोग कर्मचारी, पुलिस से झड़प; वेतन बढ़ाने की मांग पर हिंसक प्रदर्शन

CM योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के निर्देश पर राज्य सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है

By :  Vpb
Update: 2026-04-14 08:13 GMT

Noida Protest: नई दिल्ली: नोएडा के फेज-2 स्थित सेक्टर-80 और आसपास के औद्योगिक इलाकों में फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा, जहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन ने कई जगह हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।

सोमवार को शुरू हुए इस आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने कई कंपनियों में तोड़फोड़ की और वाहनों में आग लगा दी। सेक्टर-58, 59, 62, 63 और 84 समेत कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। झड़पों में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए CM योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के निर्देश पर राज्य सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है, जो श्रमिकों के हितों की रक्षा और औद्योगिक शांति बहाल करने पर काम करेगी। मंगलवार को कई कंपनियों को एहतियातन बंद रखा गया, हालांकि कुछ इकाइयां सीमित रूप से संचालित होती रहीं।

पुलिस के मुताबिक, सुबह 9 बजे से प्रदर्शन शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे उग्र होता गया। भीड़ ने मदरसन कंपनी के पास वाहनों में आग लगा दी और पुलिस-कर्मियों पर हमला किया। इसके बाद पुलिस बल की भारी तैनाती की गई और कई इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई। प्रदर्शन का असर ग्रेटर नोएडा तक भी पहुंचा, जहां नॉलेज पार्क और इकोटेक क्षेत्रों में कर्मचारियों ने धरना दिया। वहीं, सेक्टर-80 में लक्सकार कंपनी के बाहर भी कर्मचारी जुटे रहे।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने ड्रोन निगरानी, फ्लैग मार्च और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। अब तक 300 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है और 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

Tags:    

Similar News