Neet Paper Leak : नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने झारखंड से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज पटना कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 10 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।

Neet Paper Leak : बता दें कि सीबीआई ने आरोपी रॉकी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। रॉकी के भारत छोड़कर नेपाल भागने की खबर थी, लेकिन सीबीआई ने उसे धर दबोचा है। दरअसल, रॉकी वह कड़ी है जिसकी मदद से सीबीआई मुख्य सैंटर तक पहुंच सकती है। रॉकी की भूमिका प्रश्न-पत्र को आउट कराने में सबसे अहम है। रॉकी, जिसका वास्तविक नाम राकेश है, मूल रूप से बिहार के नवादा का रहने वाला है। पिछले कुछ सालों से वह झारखंड की राजधानी रांची में रहकर एक रेस्टोरेंट चला रहा था।

Neet Paper Leak : सीबीआई के टीम ने चार मुख्य आरोपियों चिंटू, मुकेश, मनीष और आशुतोष को सात दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। जिसमें रॉकी से जुड़े कई सवाल पूछे गए थे। बताया जा रहा है कि रॉकी ने ही नीट का पेपर लीक होने के बाद उसे हल कराकर चिंटू के मोबाइल पर भेजा था। चिंटू से खासतौर पर रॉकी के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है। इसके अलावा, संजीव मुखिया के बारे में भी जानकारी ली जा रही है, क्योंकि वह संजीव की भांजी का पति है। संजीव के नेपाल भागने की सूचना मिल रही है। इस गिरफ्तारी से सीबीआई को नीट पेपर लीक मामले में अहम सुराग मिले हैं और आगे की जांच जारी है।

Tags: