Naxalites Surrender : बीजापुर में 52 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 1.41 करोड़ का इनाम था घोषित

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटाने और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव सहयोग जारी रहेगा।

Update: 2026-01-15 13:21 GMT

Naxalites Surrender : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। लगातार चल रही कार्रवाई और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘नियद नेल्लानार’ तथा पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 52 माओवादी, जिनमें 21 महिलाएं और 31 पुरुष शामिल हैं, ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इन सभी नक्सलियों पर कुल 1.41 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी और अन्य नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं। सीआरपीएफ डीआईजी देवेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल और उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में यह आत्मसमर्पण हुआ।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक 824 माओवादी स्वयं आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 1126 नक्सली गिरफ्तार किए गए और विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 223 नक्सलियों को ढेर किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत प्रोत्साहन स्वरूप 50-50 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटाने और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव सहयोग जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News