15 August Security Plan for The Red Fort: नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। लाल किले और आसपास के इलाके में करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल, कमांडो और अन्य एजेंसियां मिलकर सुरक्षा संभालेंगी। जमीन से आसमान तक निगरानी रखी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे।

लाल किले के आसपास 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी

लाल किले के आसपास 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और करीब 3 हजार ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा को कई स्तरों में बांटा गया है। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए जाएंगे, जबकि क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और विशेष हिट टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगी। NDRF की टीमें भी तैनात रहेंगी।

1000 से ज्यादा CCTV और AI से निगरानी

लाल किले के अंदर और आसपास 1000 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इनकी लाइव फीड कंट्रोल रूम से मॉनिटर की जाएगी। कैमरों को AI आधारित वीडियो एनालिटिक्स से जोड़ा गया है। इसके अलावा फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS), ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) और इंट्रूजन डिटेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधि या भीड़ में असामान्य स्थिति का तुरंत पता लगाने की कोशिश होगी।

ड्रोन से खतरे को रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम

आसमान से संभावित खतरे को देखते हुए लाल किले के आसपास एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं। पुलिस ने 16 अगस्त तक ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और हॉट एयर बैलून जैसे हवाई उपकरणों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी करेंगी।

वाहनों की भी होगी सख्त जांच

लाल किले के आसपास पांच पार्किंग क्षेत्रों में अंडर-व्हीकल सर्विलांस सिस्टम (UVSS) लगाया जाएगा। इससे वाहनों के नीचे छिपी संदिग्ध वस्तुओं या विस्फोटकों का पता लगाने में मदद मिलेगी। सीमाओं और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन जांच होगी। शुक्रवार आधी रात से दिल्ली में भारी और वाणिज्यिक वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। आवश्यक सेवाओं और निजी वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश मिलेगा।

'अभिज्ञान' ऐप से संदिग्धों की पहचान

सुरक्षा व्यवस्था में 'अभिज्ञान' ऐप का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए संदिग्ध व्यक्ति के फिंगरप्रिंट को मोबाइल डिवाइस से स्कैन कर राष्ट्रीय आपराधिक डेटाबेस से मिलान किया जा सकेगा। इससे संदिग्धों की पहचान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी तेजी से जुटाने में मदद मिलेगी।

मेट्रो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सख्ती

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 9 से 15 अगस्त तक दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ाई गई है। यात्रियों की गहन जांच के कारण प्रवेश में अतिरिक्त समय लग सकता है। बाजारों, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त, फ्लैग मार्च और औचक जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने मॉक ड्रिल और संयुक्त अभ्यास भी किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Tags: