PM मोदी के AI-मॉर्फ्ड वीडियो मामले में Meta इंडिया हेड समेत कई पर FIR, हैदराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
PM
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कथित एआई-जनरेटेड और मॉर्फ्ड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी Meta के इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास, कई सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला तेलंगाना के दो शिकायतकर्ताओं की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिनका आरोप है कि एआई तकनीक से तैयार किए गए वीडियो और तस्वीरों के जरिए प्रधानमंत्री को आपत्तिजनक, भ्रामक और अपमानजनक तरीके से पेश किया गया।
जांच में डिजिटल नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि फर्जी वीडियो सबसे पहले किसने अपलोड किए, किन खातों से इन्हें वायरल किया गया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी कानून के तहत संभावित उल्लंघनों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के संचालकों को आरोपी बनाया है, जबकि Meta इंडिया हेड को सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।
Meta ने बढ़ाई VIP अकाउंट्स की निगरानी
इस कार्रवाई से पहले हैदराबाद पुलिस ने Meta को समन जारी कर एआई आधारित फर्जी कंटेंट की पहचान और हटाने की व्यवस्था पर जवाब मांगा था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने जांच एजेंसियों के सामने कंटेंट मॉडरेशन नीति की जानकारी दी। विवाद के बाद Meta ने सरकार को भरोसा दिलाया है कि प्रधानमंत्री सहित प्रमुख वीआईपी अकाउंट्स की निगरानी और समीक्षा अब वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में होगी। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।