Nitin Naveen: नई दिल्ली/रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक की। दिनभर चलने वाली संगठनात्मक बैठकों में नई टीम के पदाधिकारियों का परिचय, उनकी जिम्मेदारियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

बैठक में पदाधिकारियों को उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों की जानकारी देने के साथ संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर सक्रियता, मीडिया से प्रभावी संवाद और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने जैसे मुद्दों पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

बैठकों में अगले साल सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन की तैयारियों और नई टीम से पार्टी की अपेक्षाओं पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर भी मंथन किया जा रहा है।

नितिन नवीन भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों, संगठनात्मक महासचिवों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इन बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा प्रमुख एजेंडा होगी।

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वे लगातार सार्वजनिक पद पर रहे हैं। 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने करीब 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

बता दें कि, भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नवीन की अगुवाई में 65 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की थी। इसमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। इनमें छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया टीम का हेड बनाया गया है। नई टीम के साथ हुई बैठकों को पार्टी के आगामी संगठनात्मक और चुनावी कार्यक्रमों की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tags: