UP: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वृंदावन में किए राधारमण जी के दर्शन: परिवार के साथ पूजा-अर्चना, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धार्मिक अनुष्ठान के बाद रामनाथ कोविंद परिवार के साथ प्राचीन श्री राधारमण मंदिर पहुंचे।

Update: 2026-08-09 09:38 GMT

UP: वृंदावन। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को सहपरिवार धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर श्री राधारमण देव जी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

वैजयंती आश्रम में किया हवन-यज्ञ

पूर्व राष्ट्रपति अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले ज्ञान गुदड़ी स्थित वैजयंती आश्रम पहुंचे। यहां श्री राधारमण मंदिर के सेवायत पुंडरीक गोस्वामी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ कराया गया। इसके बाद उन्होंने गोपी-उद्धव संवाद स्थल ज्ञान गुदड़ी परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

राधारमण मंदिर में की पूजा-अर्चना

धार्मिक अनुष्ठान के बाद रामनाथ कोविंद परिवार के साथ प्राचीन श्री राधारमण मंदिर पहुंचे। उन्होंने ठाकुर जी के सामने माथा टेककर पूजा की। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने प्रसादी माला, पटुका और प्रसादी छावरिया भेंट कर उनका स्वागत किया।

डेढ़ घंटे बंद रहा आम श्रद्धालुओं का प्रवेश

पूर्व राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने मंदिर में कड़े इंतजाम किए थे। उनके पहुंचने से करीब डेढ़ घंटे पहले आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया। इससे मंदिर के बाहर लंबी कतारें लग गईं। कोविंद के दर्शन कर रवाना होने के बाद भक्तों के लिए मंदिर के द्वार फिर खोल दिए गए।

निधिवन-सेवाकुंज का कार्यक्रम रद्द

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्हें निधिवन और सेवाकुंज भी जाना था, लेकिन अंतिम समय में अपरिहार्य कारणों से यह दौरा रद्द कर दिया गया। इसके बाद वे वैजयंती धाम आश्रम पहुंचे और वहां से अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

Tags:    

Similar News