BCI के नए नियम: कोर्ट में रील और वीडियो बनाने पर रोक, सोशल मीडिया इस्तेमाल के लिए जारी हुई नई गाइडलाइन
BCI
BCI: नई दिल्ली: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने वकीलों, कानून के छात्रों और इंटर्न के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। नए नियमों के अनुसार अब कोर्टरूम, अदालत परिसर, बाररूम, वकीलों के चैंबर और न्यायिक भवनों में रील, वीडियो या प्रचार से जुड़ा कोई भी कंटेंट बनाना या साझा करना प्रतिबंधित होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
सोशल मीडिया पर रखना होगा पेशेवर व्यवहार
बीसीआई ने कहा है कि वकीलों को सोशल मीडिया पर भी पेशे की गरिमा बनाए रखनी होगी। अदालत, न्यायाधीशों या किसी मामले से जुड़ी अपमानजनक, भ्रामक या मानहानिकारक पोस्ट करने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही मुवक्किल की निजी जानकारी और अदालत की गोपनीय कार्यवाही को सार्वजनिक करने पर भी रोक रहेगी। एआई से तैयार सामग्री का गलत इस्तेमाल करने से भी बचने के निर्देश दिए गए हैं।
लिखित घोषणा और निगरानी की व्यवस्था
बीसीआई ने सभी राज्य बार काउंसिलों को इन नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। नए वकीलों को नामांकन के समय इन नियमों का पालन करने का लिखित घोषणा-पत्र देना होगा। साथ ही हर बार काउंसिल और बार एसोसिएशन में सोशल मीडिया एथिक्स नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो शिकायतों की निगरानी करेगा। हालांकि, कानूनी शिक्षा से जुड़े तथ्यात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण वीडियो या पोस्ट साझा करने की अनुमति रहेगी।