Manipur: मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर हमला, भीड़ ने तीन वाहन फूंके

Update: 2026-07-15 15:26 GMT

Manipur: नई दिल्ली: मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात असम राइफल्स के कैंप पर हिंसक भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने कैंप पर पथराव किया, तोड़फोड़ की और सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी। अधिकारियों के अनुसार, असम राइफल्स को सूचना मिली थी कि माकुइलोंगदी इलाके में कुछ हथियारबंद उग्रवादी मौजूद हैं। इसी जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जवानों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

रात में कैंप पर पथराव और आगजनी

रात करीब साढ़े नौ बजे बड़ी संख्या में लोग असम राइफल्स कैंप पहुंच गए। भीड़ ने कैंप पर पथराव किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। हिंसा के दौरान एक हल्के वाहन में आग लगा दी गई, जबकि दो ट्रकों को पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस दौरान पास में खड़ी एक नागरिक की कार भी आग की चपेट में आ गई।

पुलिस और सीआरपीएफ ने संभाली स्थिति

हालात बिगड़ने पर असम राइफल्स ने मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर भीड़ को हटाया। इसके बाद सीआरपीएफ और पुलिस की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं, जिससे स्थिति पर काबू पाया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Tags:    

Similar News