IndiGo Emergency Landing: दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी 194 यात्री सुरक्षित
IndiGo Emergency Landing
IndiGo Emergency Landing: राजकोट। दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट की सोमवार को गुजरात के राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान पायलट को विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से धुआं निकलने का अलर्ट मिला। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को मुंबई की जगह राजकोट डायवर्ट किया गया। फ्लाइट में क्रू समेत कुल 194 लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
तुरंत शुरू किया गया इमरजेंसी प्रोटोकॉल
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट IGO 1452 ने 27 जुलाई को दुबई से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान क्रू ने कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत देखा और इसकी जानकारी पायलट को दी। इसके बाद विमान की शाम 3:26 बजे राजकोट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट
इमरजेंसी की सूचना मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन ने फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीमों को स्टैंडबाय पर तैनात कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और सभी सुरक्षा इंतजाम किए गए। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाल लिया गया।
धुएं की वजह की जांच जारी
फिलहाल किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान को जांच के लिए एयरपोर्ट पर रोका गया है। ग्राउंड इंजीनियर और एविएशन सुरक्षा अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि धुएं का अलर्ट किस वजह से आया। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।