Floods in Assam: गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति में पिछले दो दिनों के मुकाबले कुछ सुधार हुआ है, लेकिन कई जिले अब भी जलभराव और नदी के बढ़े जलस्तर से जूझ रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और चराइदेव जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। राज्य में फिलहाल 1.92 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं, दो और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा असर

चराइदेव जिले में सबसे अधिक 77,456 लोग प्रभावित हैं। इसके बाद शिवसागर में 63,492 और जोरहाट में 34,067 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गोलाघाट के नुमालीगढ़ और शिवसागर क्षेत्र में दिखो और धनसिरी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने लोगों से इन इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

राहत शिविरों में हजारों लोग

राज्य सरकार ने 54 राहत शिविर और 26 राहत वितरण केंद्र संचालित किए हैं। करीब 13 हजार लोगों को राहत शिविरों में ठहराया गया है, जबकि 5,384 लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव और राहत कार्य में जुटी हैं।

बीमा और कर्ज राहत पर सरकार का फैसला

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि 5 अगस्त को बीमा कंपनियों और एनबीएफसी के साथ बैठक होगी। सरकार क्षतिग्रस्त वाहनों, पशुधन और अन्य संपत्तियों के बीमा दावों के जल्द निपटारे की मांग करेगी। साथ ही बाढ़ प्रभावित जिलों के कर्जदारों को छह महीने की राहत देने पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना के 9,289 लाभार्थियों के लिए 41.67 करोड़ रुपये की राज्य सब्सिडी जारी करने का फैसला लिया गया है।

Tags: