CJP Protest: सरकार ने सभी प्रमुख मांगें मानी, CJP ने किया जंतर-मंतर प्रोटेस्ट खत्म करने का ऐलान
CJP Protest
CJP Protest: नई दिल्ली: नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ तीसरे दौर की बातचीत के बाद CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने जंतर-मंतर पर चल रहा अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया। यह घोषणा CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।
तीन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति
सौरव दास ने बताया कि आंदोलन शुरू होने से पहले संगठन ने सरकार के सामने तीन मुख्य मांगें रखी थीं। पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि मंत्री के इस्तीफे के बाद यह मांग पूरी हो गई है।
एफआईआर वापस लेने का आश्वासन
दूसरी मांग आंदोलन में शामिल छात्रों और CJP कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की थी। सौरव दास ने कहा कि जिन राज्यों में बीजेपी या उसके सहयोगी दलों की सरकार है, वहां दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएंगे। साथ ही भविष्य में आंदोलन से जुड़े छात्रों और CJP टीम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
मुआवजा और लिखित गारंटी
आशुतोष रांका ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान घायल लोगों को मुआवजा देने की मांग पर भी सरकार सहमत हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार मंगलवार तक सभी सहमतियों की लिखित गारंटी देगी। घायल लोगों को नियमों के अनुसार अधिकतम मुआवजा देने पर भी सहमति बनी है।
आंदोलन खत्म करने का ऐलान
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आंदोलनकारियों ने सरकार को चार सूत्रीय लिखित प्रस्ताव दिया था। सरकार ने शिक्षा सुधारों पर आगे भी बातचीत जारी रखने और आंदोलनकारियों के सुझावों पर विचार करने का भरोसा दिया है। सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद CJP ने आधिकारिक रूप से जंतर-मंतर का आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।