CJP: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिजीत दीपके ने जारी किया वीडियो; बोले- 'यह जीत नहीं, नई जिम्मेदारी की शुरुआत है'
CJP: नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने इसे युवाओं की बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह किसी अभियान का अंत नहीं, बल्कि आगे की जिम्मेदारियों की शुरुआत है। दीपके ने आंदोलन में शामिल छात्रों, समर्थकों और आलोचकों का भी धन्यवाद किया।
'37 दिन आसान नहीं थे'
दीपके ने कहा कि आंदोलन के पिछले 37 दिन बेहद कठिन रहे। उन्होंने बताया कि वह टाइफाइड और तेज बुखार से पीड़ित थे, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन से जुड़े रहे। उन्होंने कहा, "जो लोग 37 दिनों तक जंतर-मंतर पर डटे रहे, मैं उन सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं। आपने इस देश के लिए जो किया, उसकी मैं वास्तव में सराहना करता हूं।"
'यह जीत नहीं, नई जिम्मेदारी की शुरुआत है'
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर दीपके ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इसे अंतिम मंजिल नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ शुरुआत है। CJP को अभी बहुत लंबा सफर तय करना है।" उनके अनुसार, इस आंदोलन ने देशभर के युवाओं को एक मंच पर जोड़ने का काम किया है और आगे भी संगठन युवाओं के मुद्दों को उठाता रहेगा।
CJP Founder @abhijeet_dipke releases a video thanking everyone who made the huge victory of the youth possible.
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) July 26, 2026
He also thanks all critics for helping him improve, and eventually deliver on the promise of the Cockroach Janta Party’s first campaign. #ANewDay pic.twitter.com/1JQNozymLo
आलोचकों को भी दिया धन्यवाद
अभिजीत दीपके ने अपने संदेश में आलोचकों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि आलोचनाओं में कई ऐसे सवाल और सुझाव थे, जिनसे उन्हें अपनी कमियों को समझने और खुद को बेहतर बनाने का मौका मिला। उनके अनुसार, इसी वजह से संगठन अपने घोषित उद्देश्य तक पहुंच सका।
मई में हुई थी CJP की शुरुआत
CJP की शुरुआत मई में एक व्यंग्यात्मक पहल के रूप में हुई थी, जो बाद में छात्र आंदोलन में बदल गई। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार के आश्वासन के बाद संगठन ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। हालांकि दीपके ने साफ किया कि संगठन आगे भी युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहेगा।