Anushka and Virat met Premanand Maharaj: पत्नी अनुष्का के साथ वृंदावन पहुंचे कोहली, प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद, वीडियो वायरल
Anushka and Virat met Premanand Maharaj: नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा गुरु पूर्णिमा से पहले बुधवार को वृंदावन पहुंचे। दोनों ने यमुना पार बेलवन स्थित यमुना कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे बाराहघाट स्थित संत प्रेमानंद के गुरु गौरांगी शरण के आश्रम भी गए और वहां भी आशीर्वाद लिया।
सादगी भरे अंदाज में आए नजर
विराट और अनुष्का का यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। आश्रम में दोनों बेहद सादगी से पहुंचे। अनुष्का सफेद सलवार-सूट में नजर आईं, जबकि विराट टी-शर्ट और पैंट में दिखाई दिए। दोनों ने फेस मास्क पहन रखा था। आश्रम से निकलते समय वे नंगे पैर चले और हाथ में प्रसाद लिए दिखाई दिए।
'राधे-राधे' कहकर किया अभिवादन
आश्रम से बाहर निकलते समय विराट और अनुष्का ने वहां मौजूद लोगों का 'राधे-राधे' कहकर अभिवादन किया। उनके इस सादगी भरे व्यवहार की लोगों ने खूब सराहना की। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बता दें कि विराट और अनुष्का पिछले कई वर्षों से समय-समय पर वृंदावन आकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन करते हैं। उनका मानना है कि आध्यात्म और शांत वातावरण उन्हें मानसिक शांति और संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।