श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के यूसमर्ग इलाके में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई में पाकिस्तानी नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर यासिर को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके आतंकी नेटवर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं।

करीब एक साल पहले ग्रुप से हुआ था अलग

सूत्रों के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर के सुलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा हुआ था। करीब एक साल पहले उसने इस ग्रुप से अलग होकर काम करना शुरू कर दिया था। इसके बाद वह यूसमर्ग क्षेत्र में लश्कर के प्रमुख कमांडर के तौर पर सक्रिय था। सुरक्षाबल काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

आमने-सामने के बाद शुरू हुई मुठभेड़

शनिवार को यूसमर्ग में सुरक्षाबलों का यासिर से सामना हुआ। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया। ऑपरेशन भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई का हिस्सा था।

नेटवर्क की जांच में जुटीं एजेंसियां

यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क, दूसरे आतंकियों से संपर्क और हाल की आतंकी गतिविधियों में उसकी भूमिका की जांच कर रही हैं।

बडगाम में भी मारा गया था एक आतंकी

इससे पहले शुक्रवार को मध्य कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान एक संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया था। इलाके में एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका के चलते तलाशी अभियान जारी था। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध आतंकियों के एक ग्रुप की गतिविधियों को ट्रैक करने के बाद 1 सितंबर को इलाके में घेराबंदी की थी।

Tags: