Goa Delhi IndiGo flight emergency landing: नई दिल्ली/गोवा। गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को इंजन में खराबी की सूचना के बाद वापस गोवा लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में खराबी की सूचना मिली। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद विमान की गोवा के मोपा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 6E 2102 ने सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी सामने आई। इसके बाद विमान को वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। विमान को बाद में स्टैंड नंबर 6 पर पूरी तरह पार्क कर दिया गया।

विमान के सुरक्षित तरीके से पार्क होने के बाद ATC ने सुबह 10:03 बजे फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया और उन्हें एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया है।

फिलहाल विमान में कितने यात्री सवार थे और इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इसे लेकर इंडिगो की ओर से भी घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Tags: