UGC: नौकरी करने वालों के लिए राहत, अब ऑनलाइन और ODL मोड में कर सकेंगे 1 साल का PG कोर्स, UGC ने दी मंजूरी

UGC

Update: 2026-07-30 09:07 GMT

UGC: नई दिल्ली। नौकरी के साथ पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने पात्र उच्च शिक्षण संस्थानों को ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन माध्यम से एक साल का पोस्टग्रेजुएट (PG) कोर्स शुरू करने की अनुमति दे दी है। यह फैसला राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत लिया गया है, ताकि छात्रों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिल सकें।

किन संस्थानों को मिलेगी अनुमति?

यूजीसी के अनुसार, केवल वही विश्वविद्यालय और संस्थान एक वर्षीय पीजी कोर्स शुरू कर सकेंगे, जिन्हें पहले से उसी विषय में दो वर्षीय ऑनलाइन या ODL पीजी कार्यक्रम चलाने की मंजूरी मिली हुई है। नया कोर्स शुरू करने से पहले संस्थानों को अध्ययन बोर्ड (BoS), अकादमिक परिषद और अन्य संबंधित शैक्षणिक निकायों से मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।

छात्रों के लिए क्या होगी पात्रता?

एक साल के पीजी कोर्स में प्रवेश केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा, जिन्होंने चार वर्षीय ऑनर्स स्नातक (Graduation with Honours) की डिग्री पूरी की है। वहीं, MBA, MCA और PGDM जैसे प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला संबंधित नियामक संस्थाओं के तय नियमों के अनुसार ही होगा।

यूजीसी के नियमों का होगा पालन

यूजीसी ने साफ किया है कि सभी एक वर्षीय पीजी कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, यूजीसी के करिकुलम और क्रेडिट फ्रेमवर्क तथा ऑनलाइन और ODL शिक्षा से जुड़े सभी नियमों के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अध्ययन सामग्री और क्रेडिट व्यवस्था भी इन्हीं मानकों के अनुसार तैयार करनी होगी।

छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

यूजीसी का कहना है कि इस फैसले से खासकर नौकरीपेशा और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों को फायदा मिलेगा। वे नियमित कक्षाओं में शामिल हुए बिना ऑनलाइन या दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से एक साल में पोस्टग्रेजुएट डिग्री पूरी कर सकेंगे। इससे उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और छात्रों को करियर में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

Tags:    

Similar News