CJP met JP Nadda: जेपी नड्डा से मिले CJP नेता, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत तीन मांगों वाला ज्ञापन सौंपा

CJP met JP Nadda

Update: 2026-07-20 13:05 GMT

CJP met JP Nadda: नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। बैठक में पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल हुए। दोनों नेताओं ने सरकार को तीन प्रमुख मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। बैठक के बाद जेपी नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

CJP ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

पार्टी ने पहली मांग के रूप में अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा करने की बात कही। दूसरी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की रही। तीसरी मांग में नीट 2026 पेपर लीक से प्रभावित उन छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की गई, जिनकी कथित तौर पर मौत हुई है।

सौरव दास ने क्या कहा?

बैठक के बाद CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, "आशुतोष रांका और मैं दोपहर 12 बजे से जेपी नड्डा के आवास पर हैं। हमने अपनी मांगें उनके सामने रख दी हैं, जिनमें धर्मेंद्र प्रधान का तुरंत इस्तीफा या उन्हें पद से हटाना शामिल है। मंत्रीजी ने भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले पर सही स्तर पर चर्चा करेंगे। हालांकि, अभी तक कोई पक्का वादा नहीं किया गया है। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा।"

जेपी नड्डा का बयान

जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर कहा कि बातचीत का प्रस्ताव प्रदर्शनकारियों की ओर से आया था। उन्होंने बताया कि बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और शाम को उन्हें लिखित ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त कर हालात सामान्य बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

जंतर-मंतर से संसद मार्च

सोमवार को CJP समर्थकों ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को रोककर हिरासत में लिया। बाद में CJP का प्रतिनिधिमंडल जेपी नड्डा से मिलने पहुंचा, जहां करीब चार घंटे तक बातचीत चली।

Tags:    

Similar News