CBSE Class 10 Second Board Exam: नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 की सेकेंड बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र अब DigiLocker Results Portal के माध्यम से अपना परिणाम देख सकते हैं। बोर्ड के अनुसार, मुख्य और सेकेंड बोर्ड परीक्षा के संयुक्त परिणाम के आधार पर इस वर्ष कक्षा 10 का कुल पास प्रतिशत 96.78% रहा है। वहीं कंपार्टमेंट श्रेणी का पास प्रतिशत भी पिछले साल के 48.68% से बढ़कर 52.40% हो गया है।

सेकेंड बोर्ड परीक्षा में कैसा रहा प्रदर्शन?

इस परीक्षा के लिए 6,64,027 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 6,63,777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। अंक सुधार के लिए 5,13,955 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें 3,08,095 छात्रों (59.95%) के अंक पहले से बेहतर हुए। वहीं 1,49,822 कंपार्टमेंट छात्रों में से 78,503 छात्र सफल रहे।

दो परीक्षाओं में बेहतर अंक ही होंगे मान्य

CBSE ने वर्ष 2026 से पहली बार कक्षा 10 के लिए दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था लागू की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र ने दोनों परीक्षाएं दी हैं, तो अंतिम मार्कशीट में उसी परीक्षा के अंक दर्ज होंगे, जिसमें उसका प्रदर्शन बेहतर रहा होगा।

रिजल्ट कैसे करें चेक?

छात्र DigiLocker वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार से लॉगिन करें। इसके बाद Issued Documents सेक्शन में जाकर CBSE चुनें और Class 10 Marksheet/Passing Certificate 2026 पर क्लिक करें। फिर रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज कर सबमिट करें। इसके बाद डिजिटल मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड और सुरक्षित रखा जा सकता है।

Tags: