नई दिल्ली/मुंबई: मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया। मुंबई पुलिस ने पहले इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद CJP ने कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारी मैदान तक पहुंचे।

बॉलीवुड हस्तियों ने लिया हिस्सा

प्रदर्शन में अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और गायक-संगीतकार विशाल ददलानी भी नजर आए। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने नसीरुद्दीन शाह और विशाल ददलानी से मुलाकात की। शबाना आजमी ने भी प्रदर्शन स्थल के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए।

SIR को लेकर उठाए सवाल

CJP ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रहने चाहिए। इन्हीं मुद्दों को लेकर संगठन ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। ये आरोप और मांग CJP की ओर से की गई है। वहीं चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों पर किसी तरह के मतभेद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।

भारी सुरक्षा के बीच प्रदर्शन

शिवाजी पार्क और दादर स्टेशन के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई थी। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर, तख्तियां और तिरंगे नजर आए। कार्यक्रम में युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। CJP ने आंदोलन को आगे दूसरे शहरों तक ले जाने की बात भी कही है।

Tags: