Census 2027 : जनगणना में पहली बार पूछी जाएगी जाति, घर-घर पहुंचकर 40 सवाल पूछेंगे कर्मचारी; सरकार ने जारी किया लिस्ट

भारत में होने वाली आगामी जनगणना को लेकर केंद्र सरकार ने अहम जानकारी साझा की है। जनगणना के दौरान लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे।

Update: 2026-08-14 08:05 GMT

Census 2027 Questions: नई दिल्ली। भारत में होने वाली आगामी जनगणना को लेकर केंद्र सरकार ने अहम जानकारी साझा की है। जनगणना के दौरान लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार पहली बार जनगणना में जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा परिवार, शिक्षा, रोजगार, भाषा, धर्म, दिव्यांगता और डिजिटल साक्षरता से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। सरकार की ओर से जारी सवालों की सूची के बाद जनगणना की तैयारियों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।

पहली बार जनगणना में दर्ज होगी जाति

आगामी जनगणना में जाति को शामिल करना सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। जनगणना कर्मी लोगों से उनकी जाति के बारे में जानकारी लेंगे और उसे दर्ज करेंगे। बताया गया है कि सवाल के साथ जातियों की कोई तय सूची उपलब्ध नहीं होगी, बल्कि व्यक्ति द्वारा बताई गई जानकारी के आधार पर उसका विवरण दर्ज किया जाएगा।

जातिगत आंकड़ों को जनगणना में शामिल करने का फैसला केंद्र सरकार की ओर से पिछले वर्ष लिया गया था। अब इसे आगामी जनगणना की प्रक्रिया में शामिल कर दिया गया है।

परिवार से जुड़े सवाल भी होंगे शामिल

जनगणना कर्मी घर-घर जाकर परिवार और व्यक्तिगत जानकारी से जुड़े कई सवाल पूछेंगे। इनमें व्यक्ति की वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय उम्र, पति या पत्नी का नाम, माता-पिता से संबंधित जानकारी और परिवार से जुड़े अन्य विवरण शामिल होंगे।

इसके साथ ही व्यक्ति की राष्ट्रीयता और धर्म के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। जन्मस्थान, अंतिम निवास स्थान और स्थायी आवासीय पते से जुड़े सवाल भी जनगणना के दौरान पूछे जाएंगे।

शिक्षा और डिजिटल साक्षरता की भी होगी जानकारी

जनगणना में लोगों की शैक्षणिक स्थिति पर भी विशेष जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें पूछा जाएगा कि व्यक्ति किसी शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई कर रहा है या नहीं। इसके अलावा उसकी उच्चतम शैक्षणिक योग्यता, पढ़ाई की स्ट्रीम और विषय से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

इसके साथ ही साक्षरता के साथ-साथ डिजिटल साक्षरता की स्थिति के बारे में भी सवाल पूछा जाएगा। इससे देश में शिक्षा और डिजिटल पहुंच की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिल सकती है।

रोजगार और कारोबार से जुड़े सवाल

जनगणना के दौरान लोगों से उनकी आर्थिक गतिविधियों और रोजगार की स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी। इसमें पिछले एक साल के दौरान व्यक्ति ने काम किया या नहीं, उसकी आर्थिक गतिविधि किस श्रेणी में आती है और वह किस तरह का काम करता है, जैसे सवाल शामिल होंगे।

व्यवसाय, उद्योग और व्यापार से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इससे देश में रोजगार के स्वरूप और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी।

भाषा और दिव्यांगता की भी जानकारी

जनगणना में लोगों की मातृभाषा और उनके द्वारा बोली या समझी जाने वाली अन्य भाषाओं के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा दिव्यांगता से संबंधित विवरण भी दर्ज किया जाएगा। इस तरह जनगणना के सवालों में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और जनसांख्यिकीय पहलुओं को शामिल किया गया है।

कोविड वैक्सीनेशन पर भी सवाल

आगामी जनगणना में कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ा सवाल भी शामिल किया गया है। लोगों से पूछा जा सकता है कि उन्होंने कोविड का टीका लगवाया है या नहीं। यह जानकारी महामारी के बाद देश में टीकाकरण की स्थिति का आकलन करने के लिए उपयोगी हो सकती है।

कुछ राज्यों में सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

सरकारी आदेश के मुताबिक, बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना की प्रक्रिया पहले शुरू की जाएगी। लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में आबादी की गणना 1 सितंबर से 30 सितंबर तक किए जाने की योजना है।

घर-घर जाकर जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले 17 से 31 अगस्त तक लोगों को सेल्फ एन्यूमेरेशन यानी खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। देश के बाकी हिस्सों में जनगणना की प्रक्रिया बाद में शुरू होगी।

40 सवालों से तैयार होगा बड़ा डेटाबेस

आगामी जनगणना में पूछे जाने वाले 40 सवालों के जरिए देश की आबादी से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जाति को पहली बार शामिल किए जाने के कारण इस जनगणना के आंकड़ों पर खास नजर रहेगी। वहीं शिक्षा, रोजगार, भाषा, आवास, धर्म, डिजिटल साक्षरता और स्वास्थ्य से जुड़े सवाल देश की सामाजिक और आर्थिक तस्वीर को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सवालों की पूरी लिस्ट -

1. व्यक्ति का नाम

2. परिवार के मुखिया से संबंध

3. लिंग

4. जन्म तिथि और उम्र

5. वर्तमान वैवाहिक स्थिति

6. विवाह के समय उम्र

7. पति/पत्नी का नाम

8. घोषित राष्ट्रीयता

9. धर्म

10. अनुसूचित जाति (SC)/अनुसूचित जनजाति (ST)/जाति

11. पिता का विवरण

12. माता का विवरण

13. दिव्यांगता

14. मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं

15. साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति

16. शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई/उपस्थिति की स्थिति

17. प्राप्त उच्चतम शैक्षणिक योग्यता और स्ट्रीम/विषय

18. क्या पिछले एक साल के दौरान किसी समय काम किया है

19. आर्थिक गतिविधि की श्रेणी

20. व्यवसाय/पेशा

21. उद्योग, व्यापार या सेवा का स्वरूप

22. कामगार की श्रेणी

23. गैर-आर्थिक गतिविधि

24. काम की तलाश में हैं या काम के लिए उपलब्ध हैं

25. कार्यस्थल तक आने-जाने की स्थिति

26. जन्मस्थान

27. अंतिम निवास स्थान

28. प्रवासन का कारण

29. पिछले प्रवासन के बाद से इस गांव/शहर में रहने की अवधि

30. स्थायी आवासीय पता

31. वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या- केवल वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और अलग रह रही महिलाओं के लिए

32. अब तक जीवित पैदा हुए बच्चों की कुल संख्या

33. पिछले एक साल में जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या

34. कोविड-19 टीकाकरण की जगह

35. कुल बैंक खातों की संख्या

36. मोबाइल नंबर, यदि उपलब्ध हो

37. आधार नंबर, यदि उपलब्ध हो

38. वोटर आईडी नंबर, यदि उपलब्ध हो

39. पासपोर्ट नंबर, यदि भारतीय पासपोर्ट धारक हैं

40. ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता

Tags:    

Similar News