लखनऊ: लखनऊ से दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-097 में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान में 133 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। धमकी मिलने के बाद पायलट ने विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया। शाम करीब 5:55 बजे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

टिश्यू पेपर पर मिला धमकी भरा नोट

उड़ान के दौरान विमान में एक टिश्यू पेपर मिला। इस पर विमान को बम से उड़ाने की धमकी लिखी थी। पायलट को इसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को अहमदाबाद ले जाया गया।

सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी 133 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की।

बम निरोधक दस्ते ने की जांच

विमान की तलाशी के लिए बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विमान की गहन जांच की, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

धमकी की जांच जारी

फिलहाल विमान में बम होने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे नोट की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि नोट किसने और किस मकसद से लिखा।

Tags: