UP Assembly elections: नई दिल्ली। संगठन विस्तार के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) एक बार फिर चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी ने नई राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम बनाने के बाद आज मंगलवार को 3 राज्यों के नए प्रभारियों का भी ऐलान कर दिया। विनोद तावडे को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है जबकि सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। वहीं गुजरात का प्रभारी तरुण चुग को बनाया गया।

बता दें कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित नई राष्ट्रीय टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है, वहीं चुनावी राज्यों की जिम्मेदारी अनुभवी नेताओं को सौंपी गई है।




पार्टी ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। तावड़े बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं। उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में से एक है, ऐसे में संगठन की कमान तावड़े को सौंपना अहम माना जा रहा है।

वहीं सतीश पुनिया को पंजाब विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। पुनिया भी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं। पंजाब में पार्टी के सामने संगठन को मजबूत करने और चुनावी आधार बढ़ाने की चुनौती है।

तरुण चुग को गुजरात विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। चुग राज्यसभा सांसद है और पार्टी संगठन में पहले भी अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। गुजरात बीजेपी का मजबूत गढ़ रहा है, ऐसे में आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन की जिम्मेदारी उनके हाथों में देना महत्वपूर्ण है।


Tags: