नई दिल्ली: पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 8% बढ़ोतरी पर सहमति जताई है। इसके बाद कर्मचारियों का कुल DA 50% हो जाएगा। शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान और कर्मचारी यूनियनों के नेताओं के बीच हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बढ़ा हुआ DA दो किस्तों में मिलेगा। दोनों किस्तें 4-4% की होंगी।

अक्टूबर की सैलरी में मिल सकता है लाभ

बैठक के बाद मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि बढ़ा हुआ DA अक्टूबर से लागू किया जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों को अगले महीने मिलने वाली सैलरी में इसका लाभ मिल सकता है। सरकार के इस फैसले से सरकारी खजाने पर करीब 248 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ने का अनुमान है।

पुरानी पेंशन और प्रोफेशनल टैक्स पर भी चर्चा

बैठक में पुरानी पेंशन योजना लागू करने और हर महीने लगने वाले 200 रुपए के प्रोफेशनल टैक्स को खत्म करने की मांग भी उठी। सरकार ने दोनों मामलों पर विचार करने की बात कही।

वेतनमान और अन्य मांगों पर भी मंथन

यूनियनों ने 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों के वेतनमान, प्रोबेशन पीरियड की सैलरी, कच्चे कर्मचारियों को भत्तों समेत वेतन और कंप्यूटर शिक्षकों को विभाग में शामिल करने की मांग रखी। मिड-डे मील वर्करों का वेतन बढ़ाने का मुद्दा भी उठा। सरकार ने इन मांगों पर आगे बातचीत का भरोसा दिया। करीब दो सप्ताह बाद मुख्यमंत्री के साथ फिर बैठक होगी।

Tags: