Asian Games 2026: नई दिल्ली: 20वें एशियाई खेलों का शनिवार को जापान के नागोया स्थित पालोमा मिजुहो स्टेडियम में रंगारंग और हाईटेक उद्घाटन समारोह के साथ आधिकारिक आगाज हुआ। जापान के सम्राट नारुहितो ने खेलों के शुरू होने की घोषणा की। समारोह में जापान की तकनीक, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

मनु भाकर-पवन सहरावत ने संभाला तिरंगा

पेरिस ओलंपिक की दोहरी पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व किया। पहले गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को ध्वजवाहक बनाया गया था, लेकिन अंतिम समय में बदलाव के बाद सहरावत ने यह जिम्मेदारी संभाली। भारत 36 खेलों में हिस्सा ले रहा है।

45 देशों के करीब 11 हजार खिलाड़ी

खिलाड़ियों की परेड में 45 देशों के दल शामिल हुए। अगले 16 दिनों तक 43 खेलों में मुकाबले होंगे और प्रतियोगिता का समापन 4 अक्टूबर को होगा। करीब 11 हजार खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह की थीम ‘हार्मोनिक हार्ट बीट’ रही। दिल के आकार के मंच, लेजर, ड्रोन और रोबोटिक तकनीक ने समारोह को खास बनाया।

भारत की नजर रिकॉर्ड प्रदर्शन पर

भारत ने पिछले एशियाई खेलों में 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण शामिल थे। इस बार भी भारतीय दल से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। हालांकि खेलों से पहले खिलाड़ियों ने आवास और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी कुछ समस्याओं की शिकायत की थी। आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता अब आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है।

Tags: