Ujjain Mahakaal Temple: महाकाल मंदिर में भगदड़: मची अफरा-तफरी, कई श्रद्धालु घायल

Update: 2026-08-17 08:41 GMT

Ujjain Mahakaal Temple: उज्जैन: उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन के दौरान करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। नीलकंठ द्वार के पास हुई धक्का-मुक्की में करीब 6 श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

चरक अस्पताल में कराया गया इलाज

घायलों को चरक अस्पताल समेत अन्य चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया। इनमें उज्जैन, ग्वालियर, गुजरात और बिहार से आए श्रद्धालु शामिल हैं। भगदड़ के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र नामक श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट आई है। अन्य श्रद्धालुओं का भी इलाज किया गया।

धक्का-मुक्की से बिगड़ी तबीयत

ग्वालियर से आए श्रद्धालु सुरेंद्र सिंह राणा ने बताया, “मैं अपनी भतीजी सोनम राणा के साथ उज्जैन आया था। यहां भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए रात से ही लाइन में लगा था, लेकिन मंदिर की व्यवस्थाएं ठीक नहीं थीं। यहां वीआईपी श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जा रहे थे और आम श्रद्धालुओं को बार-बार रोका जा रहा था। यही कारण है कि जब अचानक भक्तों को छोड़ा गया तो कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की के हालात बन गए।”

पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। कुछ देर दर्शन व्यवस्था प्रभावित रही, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। अस्पताल में भर्ती एक श्रद्धालु की मां मीनू ने बताया कि हरसिद्धि चौराहे पर बैरिकेड के नीचे आने से भगदड़ जैसी स्थिति बनी थी।

Tags:    

Similar News