स्कूलों का बदला टाइम-टेबल, अब संडे को भी लगेगी क्लॉस, इस दिन रहेगा साप्ताहिक अवकाश, जानिए वजह

School timetables changed

Update: 2026-07-31 16:07 GMT

उज्जैन। सावन माह में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उज्जैन जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर के आदेश के अनुसार, अगस्त माह के सभी सोमवार शहर के शासकीय और निजी स्कूलों में अवकाश रहेगा। इन छुट्टियों की भरपाई के लिए संबंधित रविवार को नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी। यह व्यवस्था 3 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रभावी रहेगी।

ट्रैफिक जाम से बच्चों को मिलेगी राहत

प्रशासन का कहना है कि सावन के सोमवार को लाखों श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंचते हैं, जिससे शहर में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में स्कूलों में अवकाश रखने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी, वहीं पुलिस और प्रशासन को यातायात व्यवस्था संभालने में भी सुविधा मिलेगी।

शाम 4 बजे निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी

सावन के प्रत्येक सोमवार भगवान महाकाल की पारंपरिक शाही सवारी शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर से निकलेगी। सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट, रामानुजकोट, कार्तिक चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। रामघाट पर भगवान महाकाल का विशेष पूजन और अभिषेक किया जाएगा।

रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था

सवारी मार्ग पर भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और वाहनों का डायवर्जन रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने सभी से तय रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

Tags:    

Similar News