छिंदवाड़ा/तामिया। पातालकोट के चिमटीपुर रेस्ट हाउस के पास बुधवार को रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक पर रील बना रहा 25 वर्षीय युवक सुरभान खमरिया अचानक बाइक समेत गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

बाइक समेत खाई में गिरते देखा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ युवा और बच्चे मौके पर मौजूद थे। उन्होंने युवक को बाइक समेत पहाड़ी की खाई में गिरते हुए देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीण खाई में उतरे

सूचना मिलते ही ग्रामीण युवक की तलाश और उसे बाहर निकालने के लिए पातालकोट की गहरी खाई में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि युवक पास के गांव सिधौली का रहने वाला था।

पुलिस भी मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल को मौके के लिए रवाना किया गया। मृतक का भाई भी पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक बाइक पर रील बना रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह खाई में गिर गया। हादसे ने एक बार फिर खतरनाक जगहों पर रील बनाने के जोखिम को सामने ला दिया है।

Tags: