भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ मनाया जाएगा। इस एक महीने तक चलने वाले अभियान में प्रदेश के सभी विभागों की सहभागिता रहेगी। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान से जुड़ी तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी विभागों को सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक भागीदारी और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ को आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके तहत प्रदेशभर में अलग-अलग चरणों में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विशेष कार्यक्रमों के साथ होगी। इस दिन शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश के प्रत्येक जिले के 10 प्रमुख स्थानों पर विशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी में होगा। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर भी दीप जलाए जाएंगे।

इसके तहत ग्राम पंचायतों में कम से कम 500 दीपक, नगर पालिका वार्डों में 500 दीपक, नगर निगम वार्डों में 1000 दीपक और नगर परिषद वार्डों में 250 दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों जैसे श्री महाकाल लोक, श्री रामराजा लोक और सलकनपुर देवी लोक में भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को प्रदेशभर में लगेंगे रक्तदान शिविर

अभियान के पहले दिन रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में व्यवस्था की जाएगी। रक्तदान शिविरों में ब्लड बैंक, रेडक्रॉस और मेडिकल कॉलेजों के साथ समन्वय किया जाएगा। डॉक्टर, पैरामेडिकल टीम, रक्त संग्रह वाहन और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता से जुड़ेगे विद्यार्थी

सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर यह प्रतियोगिता 19 से 26 सितंबर तक और राज्य स्तर पर 4 व 5 अक्टूबर को आयोजित होगी। इसमें सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।

‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ से सामने आएंगी प्रेरक कहानियां

19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक जिले में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक दल तैयार किए जाएंगे। ये दल सरकार की योजनाओं और जनसेवा से जुड़ी प्रेरक कहानियों को लोगों तक पहुंचाएंगे। 25 सितंबर को जिला स्तर पर इन कलाकारों और नाट्य मंडलियों को सम्मानित किया जाएगा।

आंगन मिलन सेवा से माताओं और बच्चों तक पहुंचेगा अभियान

26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश दिखाया जाएगा। बच्चों के लिए खेल सामग्री, पठन सामग्री और माताओं के लिए पोषण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘सेवा की कहानी’ बताएगी योजनाओं से बदली जिंदगी

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम भी शामिल रहेगा। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जीवन में बदलाव लाने वाले हितग्राहियों की कहानियां साझा की जाएंगी। लाभ से पहले और बाद की स्थिति को फोटो, वीडियो और रील के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा- विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से यात्रा निकाली जाएगी, जो जिला मुख्यालय तक पहुंचेगी। यात्रा में कलश और मशाल के साथ सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी सेवा यात्रा

सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक सेवा यात्रा भी आयोजित होगी। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा के 13 मार्ग मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों से होकर गुजरेंगे। यात्रा में मोटरसाइकिल सवार दल और बड़े वाहन शामिल होंगे। प्रदेश में प्रवेश करने वाली यात्राओं के लिए सुरक्षा, सुविधा और समन्वय की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को दी जाएगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ अभियान भी होंगे आयोजित

2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 25 सेवा गतिविधियों को शामिल किया गया है। प्रत्येक जिले में कम से कम 10 गतिविधियां आयोजित होंगी। इसी अवधि में ‘सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार’ भी चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर और नगरीय क्षेत्रों में जोन स्तर पर मेगा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा।

भोपाल, इंदौर समेत 6 जिलों में बनेगी मानव रंगोली

9 और 10 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग- राष्ट्र के संग भारत मंडल’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और आलीराजपुर में बड़े मैदानों पर मानव रंगोली बनाई जाएगी।

इनोवेशन और सुशासन पर भी रहेगा फोकस

सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनोवेशन चैलेंज में स्टार्टअप, इनक्यूबेटर और इनोवेटर्स भाग लेंगे। वहीं 17 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर पर सुशासन सेवा संवाद आयोजित होगा, जिसमें मध्यप्रदेश से पंच और सरपंच शामिल होंगे।

एक महीने तक चलेगा जनभागीदारी और सेवा का अभियान

सेवा संकल्प अभियान-2026 के जरिए सरकार का लक्ष्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, योजनाओं की पहुंच मजबूत करना और सेवा भावना को आगे बढ़ाना है।

Tags: