MP News : पति से विवाद के बाद महिला सिपाही ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत, पुलिस जांच में जुटी

इटावा पुलिस लाइन में हुई घटना, सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पति हिरासत में, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Update: 2026-08-10 12:55 GMT

MP News : इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में पति से विवाद के बाद एक महिला पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर में रहने वाली 30 वर्षीय महिला सिपाही प्रियंका ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उसे सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां रविवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ड्यूटी के बाद घर लौटने पर हुआ विवाद

प्रियंका वर्ष 2019 में यूपी पुलिस में भर्ती हुई थीं और वर्तमान में सैफई थाने में तैनात थीं। वर्ष 2023 में उनकी शादी रजत से हुई थी। दंपति अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहता था। परिजनों के अनुसार, रविवार को प्रियंका की ड्यूटी दोपहर करीब 3 बजे खत्म हुई। इसके बाद वह खरीदारी के लिए संडे बाजार गईं और शाम करीब 5:30 बजे घर लौटीं। पति रजत ने देर से आने की वजह पूछी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

कुछ देर बाद बेसुध मिलीं प्रियंका

रजत के मुताबिक, विवाद के बाद वह करीब 6:15 बजे घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद प्रियंका ने फोन किया, लेकिन वह कॉल नहीं उठा सका। करीब 7:30 बजे वापस घर पहुंचने पर प्रियंका घर में बेसुध हालत में मिलीं। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

सैफई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने प्रियंका का उपचार शुरू किया, लेकिन रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पति हिरासत में, कई पहलुओं पर जांच

पुलिस ने प्रियंका के पति रजत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी केके मिश्रा के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद के बाद प्रियंका द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ विवाद की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस लाइन परिसर में शोक का माहौल है।

Tags:    

Similar News