MP News : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने लगाई फांसी, फोन पर बातचीत के दौरान दी वारदात को अंजाम
फोन पर बातचीत के दौरान अचानक उठाया आत्मघाती कदम, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुलिस जांच में जुटी
MP News : सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी कॉन्टेस्ट विजेता निधि तिवारी की मौत का मामला सामने आया है। शनिवार शाम उन्होंने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब 7ः30 बजे की है। परिजनों के करीबी विनय सिंह के अनुसार, उस समय निधि दिल्ली निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर नाराजगी के बाद उन्होंने फांसी लगा ली। युवक ने तत्काल निधि के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही निधि की मां और बहन कमरे में पहुंचीं और उन्हें नीचे उतारा। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निधि तिवारी सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेती थीं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न ब्यूटी कॉन्टेस्ट में खिताब भी हासिल किए थे।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।