MP News : लव मैरिज के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे पर मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
अनूपपुर में 19 वर्षीय नेहा चौहान की क्वार्टर में फंदे पर लटकी मिली लाश, ससुराल पक्ष ने आत्महत्या की बात कही; मायके वालों ने प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच जारी।
MP News : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतमा थाना क्षेत्र की गोविंद कॉलोनी स्थित क्वार्टर में महिला का शव फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान नेहा चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नेहा ने लव मैरिज की थी और वह अपने पति के साथ गोविंद कॉलोनी में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और मामला पुलिस तक भी पहुंचा था।
गुरुवार शाम करीब 7 बजे नेहा के पिता को ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
वहीं, नेहा के माता-पिता और अन्य परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि नेहा को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे धमकियां भी दी गई थीं। मायके पक्ष ने आशंका जताई है कि नेहा की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया हो सकता है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के अन्य बिंदुओं के आधार पर ही नवविवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।