MP News : जंगल में अवैध गांजे की खेती का खुलासा, 4 खेतों से 6,185 पौधे जब्त
75 पुलिसकर्मियों की टीम ने ड्रोन से सर्चिंग कर कार्रवाई की, 10 क्विंटल 71 किलो गांजा जब्त, आरोपी फरार
MP News : बड़वानी/सेंधवा। बड़वानी जिले में अवैध गांजे की खेती के खिलाफ वरला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बोरपड़ावा के जंगल क्षेत्र में पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाकर चार अलग-अलग खेतों से गांजे के 6,185 पौधे जब्त किए हैं। जब्त फसल का कुल वजन करीब 10 क्विंटल 71 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 से 52 लाख रुपये है।
पुलिस को मुखबिर से जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद करीब 75 पुलिसकर्मियों की टीम ने जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। खेतों और आसपास के इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई।
सर्चिंग के दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे की फसल उगाई हुई मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फसल को जब्त कर लिया। कार्रवाई की भनक लगते ही खेतों में मौजूद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने संबंधित खेतों और क्षेत्र को चिन्हित किया। मामले में पुलिस ने चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है