भोपाल। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.5 करोड़ रुपये कीमत की 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त की है। DRI ने दो अलग-अलग ऑपरेशन में एक भारतीय यात्री और एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

भोपाल जंक्शन पर यात्री से बरामद हुआ ड्रग्स

DRI की पहली कार्रवाई भोपाल जंक्शन पर की गई। टीम ने हजरत निजामुद्दीन से आ रहे एक भारतीय यात्री को संदेह के आधार पर रोका। जांच के दौरान यात्री के पास मौजूद नीले रंग के डफल बैग से सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ बरामद हुआ। जांच में NDPS किट के जरिए इसकी पहचान एम्फेटामाइन के रूप में हुई। बैग से करीब 2.014 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया गया।

रानी कमलापति स्टेशन पर नाइजीरियन महिला गिरफ्तार

DRI की दूसरी कार्रवाई रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर हुई। टीम ने आगरा कैंट से आ रही एक नाइजीरियन महिला यात्री को पकड़ा। तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद कपड़ों में छिपाकर रखे गए चार पैकेट मिले। इन पैकेटों से करीब 2.368 किलो एम्फेटामाइन बरामद किया गया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

DRI अधिकारियों के मुताबिक दोनों मामलों में बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Tags: