MP Crime : टीवी का चैनल बदलना पड़ा भारी, पत्नी ने हंसिए से किया हमला, पति गंभीर
MP Crime : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में घरेलू विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टीवी का चैनल बदलने की बात पर गुस्साई पत्नी ने अपने पति पर हंसिए से हमला कर दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, घायल राकेश अहिरवार (32) मूल रूप से विदिशा जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में भोपाल की नगर निगम कॉलोनी में रहकर मजदूरी करते हैं।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को राकेश काम से घर लौटा तो उसकी पत्नी राममनी अहिरवार टीवी देख रही थी। राकेश ने रिमोट लेकर चैनल बदल दिया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने घर में रखा हंसिया उठाकर पति पर हमला कर दिया। हमले में राकेश के सिर और गाल पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।