MP Crime : पुरानी रंजिश में दो सगे भाइयों की हत्या, मुख्य आरोपी के पैर में लगी पुलिस की गोली, 5 गिरफ्तार

Update: 2026-07-19 10:37 GMT

MP Crime : उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुरानी रंजिश ने शनिवार देर रात खूनी रूप ले लिया। नीलगंगा थाना क्षेत्र के जूना अखाड़ा चौराहे पर दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने घर के बाहर खड़े लोकेश गौरकर पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लोकेश को बचाने पहुंचे उनके छोटे भाई जय गौरकर पर तलवार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल जय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।



 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरकर और पासी पक्ष के बीच होली के दौरान हुए विवाद की रंजिश इस दोहरे हत्याकांड की वजह बनी। शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला हुआ।

सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि मामले में अब तक आठ नामजद आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी नरेश पासी को पकड़ने के दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News