MP Crime: रस्सी खुलते ही मचा खूनी तांडव, बेटे के हमले में मां-नाना-नानी और मासूम की मौत
पहले ग्रामीणों ने युवक को बांधा था रस्सी से, मां ने खोला तो डंडे से किया हमला; 3 अन्य लोग घायल
MP Crime : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा गांव में शनिवार को हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 32 वर्षीय युवक ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों पर डंडे से हमला कर दिया। घटना में उसकी मां, नाना-नानी और 5 वर्षीय भांजी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रेम सिंह गोंड (32) के रूप में हुई है। घटना करन पठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी के अंतर्गत अमोदा गांव की बताई जा रही है। हमले में 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड, 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड और 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान आरोपी के मामा और उनकी दो बेटियां भी हमले की चपेट में आ गईं। घायलों को गंभीर हालत में शहडोल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 5 वर्षीय बच्ची ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।
रस्सी खोलने के बाद शुरू हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले आरोपी गांव में हंगामा कर रहा था। इस दौरान एक मंदिर के पुजारी पर हमला करने की बात भी सामने आई है। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांधकर रखा था।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह आरोपी की मां ने उसे रस्सी से मुक्त कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी ने घर में रखा डंडा उठाया और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही करन पठार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले की वास्तविक वजह और आरोपी की स्थिति को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।