MP Crime : रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, मायके पहुंची बेटी पर हमला, मां की मौत
देवास के सतवास में 55 वर्षीय महिला की हत्या, रक्षाबंधन पर मायके आई बेटी गंभीर घायल; खून से सनी हालत में घर से बाहर निकली 3 साल की मासूम
MP Crime : देवास। देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुनासा रोड स्थित पुनर्वास इलाके में 55 वर्षीय महिला माया शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटी रानू घर के अंदर गंभीर रूप से घायल मिली।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब करीब 3 साल की मासूम बच्ची खून से सने कपड़ों में रोते हुए घर से बाहर निकली। बच्ची को इस हालत में देखकर पड़ोसियों ने तत्काल घर के अंदर जाकर देखा और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, माया शर्मा घर में रहती थीं और उनकी बेटी रानू रक्षाबंधन पर मायके आई हुई थी। दोनों मां-बेटी घर में मौजूद थीं, तभी अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना में माया शर्मा की मौत हो गई, जबकि रानू गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलते ही ASP सौम्या जैन, SDOP और सतवास थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। घायल रानू का अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।