MP Crime News : वाहन चेकिंग में बड़ा खुलासा, 4 देसी पिस्टल और 3 मैगजीन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
MP Crime News : खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की चार देसी पिस्टल और तीन मैगजीन बरामद की गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, छैगांवमाखन थाना क्षेत्र में चमाटी गांव के फाटे के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चार देसी पिस्टल और तीन मैगजीन बरामद हुईं।
गिरफ्तार दोनों आरोपी खरगोन जिले के गोगावा थाना क्षेत्र के सिग्नूर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध हथियारों की सप्लाई किसके लिए की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।