MP Crime : MP-महाराष्ट्र बॉर्डर पर पुलिस की कार्रवाई, 13 देशी पिस्टल और 45 कारतूस के साथ तस्कर गिरफ्तार
बुरहानपुर के खकनार में पकड़ा गया अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर, 4.72 लाख रुपए का अवैध सामान बरामद; पुलिस को नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश।
MP Crime : बुरहानपुर। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खकनार थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए अवैध हथियार और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 4.72 लाख रुपये आंकी गई है।
बड़वानी का रहने वाला है आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शिंदे के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल सिंग पटवा, निवासी नागलवाड़ी, जिला बड़वानी के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार बनाने वालों से देशी पिस्टल खरीदता था और फिर उन्हें दूसरे स्थानों पर सप्लाई करता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि हथियारों की खरीद-बिक्री और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पिछले एक साल में 47 पिस्टल जब्त
खकनार थाना पुलिस के मुताबिक, अवैध हथियारों के खिलाफ पिछले एक साल से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान पुलिस ने 12 अलग-अलग मामलों में 47 देशी पिस्टल, 6 मैगजीन और 45 कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि लगातार हो रही कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क पर काफी हद तक शिकंजा कसा गया है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।