MP Crime : प्रेमिका के बुलावे पर जंगल पहुंचा युवक, पत्थरों से कुचलकर की हत्या, चट्टानों के नीचे मिला शव
पन्ना के लोहड़ईहाई जंगल में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की हत्या, भारी पत्थरों के नीचे मिला शव; पुलिस ने जांच शुरू कर संदिग्धों से पूछताछ की।
MP Crime : पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। बृजपुर थाना क्षेत्र के लोहरहाई जंगल में 22 वर्षीय संदीप गोंड की बेरहमी से हत्या कर शव को भारी चट्टानों के नीचे दबा दिया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, संदीप 8 सितंबर की रात अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उससे मिलने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश करते रहे। इसी दौरान उसकी तलाश लोहरहाई के घने जंगल तक पहुंची, जहां परिजनों ने खुद खोजबीन करते हुए उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया।
आरोप है कि हत्या के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को भारी-भरकम चट्टानों के नीचे दबा दिया गया था। शव की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि संदीप की तलाश के दौरान मोबाइल लोकेशन से संबंधित जानकारी मिलने के बावजूद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पन्ना जिला अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, वारदात में शामिल लोगों और मृतक के प्रेम-प्रसंग से इस हत्याकांड के संबंध की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।