MP : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 50.74 करोड़ के सांदीपनि स्कूल का किया लोकार्पण, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
भोपाल। मध्य प्रदेश के बैरसिया क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 50 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से 35 एकड़ क्षेत्र में निर्मित अत्याधुनिक शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
CM बोले- यह सिर्फ विद्यालय का लोकार्पण नहीं, नए संकल्प की शुरुआत
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह केवल एक विद्यालय का उद्घाटन नहीं है, बल्कि नए इतिहास की शुरुआत और नए संकल्प का सूत्रपात है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और प्रदेश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव होती है। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
‘अल्फा-जी’ पीढ़ी बनाएगी भारत का उज्ज्वल भविष्य
मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी केवल ‘जेन-जी’ नहीं, बल्कि ‘अल्फा-जी’ पीढ़ी हैं। यही युवा आगे चलकर भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगे। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन और सान्निध्य में विद्यार्थी अज्ञान और अंधकार से ज्ञान एवं प्रकाश की ओर बढ़ता है।
शिक्षा को बताया सबसे अनमोल धन
डॉ. मोहन यादव ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी धन छीना जा सकता है, लेकिन शिक्षा का धन ऐसा है जिसे कोई कभी चुरा नहीं सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश अब केवल रोजगार तलाशने वाला राज्य नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और नवाचार को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
वार्षिक पत्रिका ‘सृजन’ का विमोचन
समारोह में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘सृजन’ का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।