MP Accident : शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पांच महीने के मासूम बेटे का जन्मदिन मनाने और देवदर्शन के लिए निकले पति-पत्नी की अपने बच्चे के साथ सड़क हादसे में मौत हो गई। सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर गोदना गांव के पास शनिवार को बाइक और पिकअप की टक्कर में तीनों की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, आष्टा की इंद्र कॉलोनी निवासी अजीत पंवार अपनी पत्नी पूजा पंवार और पांच महीने के बेटे शिवांशु के साथ बाइक से देवदर्शन के लिए निकले थे। शनिवार को ही मासूम शिवांशु का जन्मदिन था। परिवार इस खास दिन को खुशियों के साथ मनाने की उम्मीद लेकर घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

सलसलाई थाना प्रभारी के अनुसार, गोदना गांव के पास अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और सलसलाई थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

Tags: