IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज टीम पहुंचीं इंदौर, खिलाड़ियों को देखने उमड़े क्रिकेट प्रेमी; होलकर स्टेडियम में कल T20 का रोमांच
दोनों टीमों के खिलाड़ियों के आगमन के दौरान एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भीड़ देखने को मिली। युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए भी फैंस में खास उत्साह रहा।
इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर शहर में क्रिकेट का खुमार छाने लगा है। मैच से पहले दोनों टीमें इंदौर पहुंच गई हैं। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जुटे। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को करीब से देखने के लिए फैंस में खासा उत्साह नजर आया।
वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए भी उत्सुक दिखे प्रशंसक
दोनों टीमों के खिलाड़ियों के आगमन के दौरान एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भीड़ देखने को मिली। युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए भी फैंस में खास उत्साह रहा। भारतीय टीम के तिलक वर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, मयंक यादव और कुलदीप यादव समेत कई खिलाड़ी इंदौर पहुंचे। खिलाड़ियों के पहुंचते ही प्रशंसक उनकी एक झलक पाने और तस्वीरें लेने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।
चार्टर प्लेन से पहुंचे खिलाड़ी, होटल के लिए रवाना
भारत और वेस्टइंडीज की टीमों ने चार्टर प्लेन से इंदौर में दस्तक दी। एयरपोर्ट से उतरने के बाद खिलाड़ियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच बसों से होटल ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक, आज टीमों का अभ्यास सत्र नहीं होगा। वहीं, गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर के सीधे होलकर स्टेडियम पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुकाबले को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से होटल और स्टेडियम तक आने-जाने के दौरान विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मैच के दौरान होलकर स्टेडियम के आसपास नो-फ्लाई जोन भी घोषित किया गया है। अब क्रिकेट प्रेमियों को 11 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले का इंतजार है, जहां मैदान पर भारत और वेस्टइंडीज के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी।